रायगढ़ में 72 घंटे के भीतर अफीम की अवैध खेती पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, कई हिरासत में

रायगढ़, 23 मार्च 2026। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बीते 72 घंटों में अफीम की खेती के कई मामलों का खुलासा किया है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और एसएसपी शशिमोहन सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत तमनार से लेकर लैलूंगा क्षेत्र तक कार्रवाई की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 मार्च को तमनार क्षेत्र के आमाघाट में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर छापेमारी की। यहां सब्जी की खेती की आड़ में अवैध रूप से अफीम उगाई जा रही थी। मौके से करीब 60 हजार से अधिक अफीम के पौधे जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस मामले में झारखंड निवासी एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है। प्रशासन ने पूरी फसल नष्ट कर दी।

इसी क्रम में 23 मार्च को लैलूंगा तहसील के ग्राम नवीन घटगांव में भी ड्रोन सर्वे के दौरान अफीम की खेती का मामला सामने आया। यहां एक किसान द्वारा साग-भाजी के बीच अफीम उगाई जा रही थी। पुलिस ने फसल जब्त कर संबंधित व्यक्ति को हिरासत में लिया है। गांव के ही एक अन्य व्यक्ति के घर से सूखी अफीम भी बरामद की गई।

इसके अलावा मुड़ागांव में भी पूछताछ के दौरान अवैध खेती के संकेत मिले हैं। वहां से कुछ सूखे अवशेष जब्त कर जांच के लिए भेजे गए हैं।

प्रशासन द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जा रही है, जिससे दूर-दराज के इलाकों में भी अवैध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

अधिकारियों का कहना है कि अवैध अफीम की खेती एक गंभीर अपराध है और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में नारकोटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि इस तरह की किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें।

By Dhirendra Giri Goswami

धीरेंद्र गिरि गोस्वामी एक प्रसिद्ध पत्रकार हैं, जो छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से हैं। उनके पिता रमन गिरि गोस्वामी छत्तीसगढ़ में प्रथम श्रेणी के शासकीय अधिकारी रह चुके हैं। धीरेंद्र गिरि गोस्वामी ने पत्रकारिता के साथ-साथ वकालत की पढ़ाई भी की है। उन्होंने टीवी, डिजिटल, प्रिंट और रेडियो मीडिया में 15 वर्षों से अधिक अनुभव प्राप्त किया है। अपने करियर में उन्होंने वनइंडिया, खबर भारती, स्वराज एक्सप्रेस, बंसल न्यूज, ईटीवी, न्यूज वर्ल्ड और भारत समाचार जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संवाददाता और सीनियर रिपोर्टर के रूप में काम किया है। धीरेंद्र ने दूरदर्शन (DD News) में रिपोर्टिंग और लाइव कवरेज किया है और आकाशवाणी (All India Radio) में युवाओं और बच्चों के कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन एवं प्रस्तुति दी है। वर्तमान में वे खबरवीर वेबसाइट के संपादक हैं, जहाँ वे ताज़ा समाचार, गहन विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग प्रदान करते हैं। उनका मुख्य फोकस राजनीति, प्रशासनिक मामलों, सामाजिक मुद्दों और कानूनी विश्लेषण पर आधारित पत्रकारिता है। धीरेंद्र ने पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर, वकालत (LLB) की पढ़ाई भी पूरी की है, जो उनके विश्लेषण में कानूनी दृष्टिकोण जोड़ती है। वे सामाजिक जागरूकता और समाजोपयोगी मुद्दों को उजागर करने के लिए सक्रिय रूप से लेखन करते हैं। विशेषज्ञता: राजनीति और प्रशासनिक रिपोर्टिंग, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता, संपादकीय नेतृत्व, लाइव ब्रॉडकास्टिंग, युवाओं और बच्चों के कार्यक्रम प्रस्तुति।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *