6 राज्यों में नए राज्यपाल नियुक्त, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी बधाई

ओम माथुर को केरल, आर्लेकर को तमिलनाडु और ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड की जिम्मेदारी

रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा देश के 6 राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति किए जाने पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी नवनियुक्त राज्यपालों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सभी राज्यपालों का समृद्ध अनुभव, दीर्घ सार्वजनिक जीवन और कुशल मार्गदर्शन संबंधित राज्यों में सुशासन, जनकल्याण और संवैधानिक मूल्यों को नई मजबूती प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री साय ने केरल के राज्यपाल नियुक्त किए गए ओम प्रकाश माथुर, तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, ओडिशा के राज्यपाल बृज मोहन राम, कर्नाटक की राज्यपाल डॉ. सुधा यादव, उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन और सिक्किम के राज्यपाल दुष्यंत गौतम को नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के सफल, यशस्वी और गरिमामय कार्यकाल की मंगलकामना की।

भाजपा के अनुभवी नेताओं को मिली जिम्मेदारी

नवनियुक्त राज्यपालों में भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं को महत्वपूर्ण संवैधानिक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। ओम प्रकाश माथुर भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य रह चुके हैं और जुलाई 2024 में सिक्किम के राज्यपाल बने थे। राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर गोवा सरकार में मंत्री रहने के साथ हिमाचल प्रदेश, बिहार और केरल के राज्यपाल के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं।

बृज मोहन राम पूर्व सांसद और बिहार विधानसभा के पूर्व सदस्य रहे हैं। डॉ. सुधा यादव महेंद्रगढ़ से लोकसभा सांसद रह चुकी हैं और भाजपा के संसदीय बोर्ड में भी शामिल रही हैं।

वहीं, मध्य प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. ढाल सिंह बिसेन चार बार विधायक और राज्य सरकार में मंत्री रह चुके हैं। उन्होंने 2019 में बालाघाट लोकसभा सीट से जीत दर्ज की थी। दुष्यंत गौतम भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व राज्यसभा सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रह चुके हैं।

सुशासन और जनकल्याण को मिलेगी मजबूती

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्यपालों का दायित्व संवैधानिक व्यवस्था को मजबूत करने और राज्यों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नवनियुक्त राज्यपाल अपने अनुभव और मार्गदर्शन से संबंधित राज्यों की विकास यात्रा को नई गति देंगे तथा जनकल्याण के कार्यों को और सशक्त बनाएंगे।

राष्ट्रपति द्वारा की गई इन नियुक्तियों के बाद छह राज्यों में राज्यपालों की जिम्मेदारियों में बदलाव हुआ है। इन नियुक्तियों को राज्यों में संवैधानिक दायित्वों के निर्वहन और प्रशासनिक मार्गदर्शन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

By Dhirendra Giri Goswami

धीरेंद्र गिरि गोस्वामी एक प्रसिद्ध पत्रकार हैं, जो छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से हैं। उनके पिता रमन गिरि गोस्वामी छत्तीसगढ़ में प्रथम श्रेणी के शासकीय अधिकारी रह चुके हैं। धीरेंद्र गिरि गोस्वामी ने पत्रकारिता के साथ-साथ वकालत की पढ़ाई भी की है। उन्होंने टीवी, डिजिटल, प्रिंट और रेडियो मीडिया में 15 वर्षों से अधिक अनुभव प्राप्त किया है। अपने करियर में उन्होंने वनइंडिया, खबर भारती, स्वराज एक्सप्रेस, बंसल न्यूज, ईटीवी, न्यूज वर्ल्ड और भारत समाचार जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संवाददाता और सीनियर रिपोर्टर के रूप में काम किया है। धीरेंद्र ने दूरदर्शन (DD News) में रिपोर्टिंग और लाइव कवरेज किया है और आकाशवाणी (All India Radio) में युवाओं और बच्चों के कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन एवं प्रस्तुति दी है। वर्तमान में वे खबरवीर वेबसाइट के संपादक हैं, जहाँ वे ताज़ा समाचार, गहन विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग प्रदान करते हैं। उनका मुख्य फोकस राजनीति, प्रशासनिक मामलों, सामाजिक मुद्दों और कानूनी विश्लेषण पर आधारित पत्रकारिता है। धीरेंद्र ने पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर, वकालत (LLB) की पढ़ाई भी पूरी की है, जो उनके विश्लेषण में कानूनी दृष्टिकोण जोड़ती है। वे सामाजिक जागरूकता और समाजोपयोगी मुद्दों को उजागर करने के लिए सक्रिय रूप से लेखन करते हैं। विशेषज्ञता: राजनीति और प्रशासनिक रिपोर्टिंग, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता, संपादकीय नेतृत्व, लाइव ब्रॉडकास्टिंग, युवाओं और बच्चों के कार्यक्रम प्रस्तुति।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed