रायपुर, 21 मार्च 2026। विजय शर्मा ने आज भोरमदेव मंदिर परिसर में भोरमदेव कॉरिडोर निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों और ठेकेदारों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।
समीक्षा बैठक में उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की निगरानी गुणवत्ता और समय-सीमा के आधार पर की जाएगी। इसके लिए जिला स्तर पर एक निगरानी समिति गठित की गई है, जो प्रत्येक सोमवार को कार्यस्थलों का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा करेगी। सभी प्रोजेक्ट इंचार्ज और इंजीनियरों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। कार्य में लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
बैठक के दौरान मुख्य मंदिर परिसर, सरोवर सौंदर्यीकरण, मड़वा महल, छेरकी महल, रामचुवा, सरोदा और पार्किंग क्षेत्र में चल रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। उपमुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए पेड़ों के आसपास बैठने की व्यवस्था, भव्य प्रवेश द्वार और पारंपरिक स्थापत्य शैली के अनुरूप निर्माण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण में स्थानीय संस्कृति की झलक दिखाई देनी चाहिए।
सरोवर क्षेत्र में पिचिंग और लाइनिंग कार्य तकनीकी मानकों के अनुसार करने, तट पर सीढ़ियां और शेड बनाने तथा आकर्षक स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा, मंदिर परिसर में विश्राम स्थल, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
पार्किंग स्थल के विकास को लेकर भी निर्देश दिए गए कि वहां पर्याप्त स्थान, मजबूत फ्लोरिंग और सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सरोदा डैम क्षेत्र में कैफेटेरिया, व्यू प्वाइंट और अन्य सौंदर्यीकरण कार्यों की योजना पर भी चर्चा हुई।
बैठक में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति रही, जिनमें जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, एमडी पर्यटन विवेक आचार्य और कलेक्टर गोपाल वर्मा सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।
