नारायणपुर (छत्तीसगढ़), 22 सितंबर 2025:
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में सोमवार सुबह सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में दो नक्सली मारे गए हैं। सुरक्षाबलों ने मौके से एक AK-47 राइफल, भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक सामग्री, माओवादी साहित्य और अन्य सामान बरामद किया है।

मुठभेड़ की पुष्टि बस्तर रेंज के आईजी पी. सुंदरराज ने की। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इसी दौरान घात लगाए माओवादियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो माओवादी मारे गए। इलाके में अब भी तलाशी अभियान जारी है।

इस सफलता पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया मंच ‘X’ पर लिखा:

“आज नारायणपुर के अबूझमाड़ क्षेत्र में हमारे वीर सुरक्षाबलों ने लाल आतंक के खिलाफ एक साहसिक और सफल अभियान को अंजाम दिया। नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में 2 नक्सली न्यूट्रलाइज किए गए हैं।
यह सफलता केवल नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में एक निर्णायक पड़ाव ही नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ में शांति, सुरक्षा और विकास की प्रक्रिया को और भी गति प्रदान करती है।
डबल इंजन सरकार के निरंतर प्रयासों से प्रदेश में नक्सलवाद का अंत अब पहले से कहीं अधिक निकट और निश्चित होता दिखाई दे रहा है।
मुझे पूर्ण विश्वास है कि माननीय केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह जी के नेतृत्व और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विजन के साथ मार्च 2026 तक नक्सलमुक्त भारत का संकल्प अवश्य साकार होगा।”

फिलहाल सुरक्षाबलों का ऑपरेशन जारी है और क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी किया गया है। अधिकारियों को आशंका है कि इलाके में और भी नक्सली छिपे हो सकते हैं।

By Dhirendra Giri Goswami

धीरेंद्र गिरि गोस्वामी एक प्रसिद्ध पत्रकार हैं, जो छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से हैं। उनके पिता रमन गिरि गोस्वामी छत्तीसगढ़ में प्रथम श्रेणी के शासकीय अधिकारी रह चुके हैं। धीरेंद्र गिरि गोस्वामी ने पत्रकारिता के साथ-साथ वकालत की पढ़ाई भी की है। उन्होंने टीवी, डिजिटल, प्रिंट और रेडियो मीडिया में 15 वर्षों से अधिक अनुभव प्राप्त किया है। अपने करियर में उन्होंने वनइंडिया, खबर भारती, स्वराज एक्सप्रेस, बंसल न्यूज, ईटीवी, न्यूज वर्ल्ड और भारत समाचार जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संवाददाता और सीनियर रिपोर्टर के रूप में काम किया है। धीरेंद्र ने दूरदर्शन (DD News) में रिपोर्टिंग और लाइव कवरेज किया है और आकाशवाणी (All India Radio) में युवाओं और बच्चों के कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन एवं प्रस्तुति दी है। वर्तमान में वे खबरवीर वेबसाइट के संपादक हैं, जहाँ वे ताज़ा समाचार, गहन विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग प्रदान करते हैं। उनका मुख्य फोकस राजनीति, प्रशासनिक मामलों, सामाजिक मुद्दों और कानूनी विश्लेषण पर आधारित पत्रकारिता है। धीरेंद्र ने पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर, वकालत (LLB) की पढ़ाई भी पूरी की है, जो उनके विश्लेषण में कानूनी दृष्टिकोण जोड़ती है। वे सामाजिक जागरूकता और समाजोपयोगी मुद्दों को उजागर करने के लिए सक्रिय रूप से लेखन करते हैं। विशेषज्ञता: राजनीति और प्रशासनिक रिपोर्टिंग, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता, संपादकीय नेतृत्व, लाइव ब्रॉडकास्टिंग, युवाओं और बच्चों के कार्यक्रम प्रस्तुति।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *