छत्तीसगढ़ में बिजली बिल भुगतान समाधान योजना 2026 शुरू, 28 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को मिलेगी 757 करोड़ की राहत

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर से योजना का शुभारंभ किया, सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के हितग्राहियों को भी 8.79 करोड़ की सब्सिडी दी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को राजधानी रायपुर में बिजली बिल भुगतान समाधान योजना 2026 का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत राज्य के 28 लाख 42 हजार बिजली उपभोक्ताओं को 757 करोड़ रुपये से अधिक की राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सालय के सभागार से योजना की शुरुआत की और लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस योजना का लाभ लेने की अपील की।

आर्थिक संकट से जूझ रहे उपभोक्ताओं को राहत

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली आज जीवन की मूलभूत आवश्यकता बन चुकी है। कई परिवार आर्थिक कठिनाइयों के कारण समय पर बिजली बिल का भुगतान नहीं कर पाते, जिससे सरचार्ज बढ़ जाता है और बकाया राशि का भुगतान करना मुश्किल हो जाता है।

इसी समस्या को देखते हुए राज्य सरकार ने बिजली बिल भुगतान समाधान योजना शुरू की है, जिससे उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी।

28 लाख से ज्यादा उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ

इस योजना के तहत प्रदेश के निम्न और मध्यम आय वर्ग के घरेलू उपभोक्ताओं तथा कृषि उपभोक्ताओं को राहत देने का प्रावधान किया गया है। सरकार के अनुसार योजना से कुल 28 लाख 42 हजार उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा और लगभग 757 करोड़ रुपये की राहत दी जाएगी।

सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के लाभार्थियों को सब्सिडी

इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत 2,931 लाभार्थियों को 8 करोड़ 79 लाख रुपये की सब्सिडी भी हस्तांतरित की।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में इस योजना के प्रति लोगों की रुचि लगातार बढ़ रही है और अब तक लगभग 36 हजार लोग इससे जुड़ चुके हैं। महिला स्व सहायता समूहों द्वारा सोलर पैनल वेंडर के रूप में काम किया जाना भी सकारात्मक पहल है।

बिजली उत्पादन और आपूर्ति पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 के बाद देश के लगभग 18 हजार गांवों तक बिजली पहुंचाई गई।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में लगभग 30 हजार मेगावाट बिजली का उत्पादन किया जा रहा है और सरकार प्रदेशवासियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति देने के लिए प्रतिबद्ध है।

योजना में मिलेगी सरचार्ज में 100% छूट

बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के तहत तीन श्रेणियों के उपभोक्ताओं को शामिल किया गया है —

  1. 31 मार्च 2023 की स्थिति में निष्क्रिय उपभोक्ता
  2. सक्रिय एकल बत्ती कनेक्शनधारी उपभोक्ता
  3. सक्रिय अशासकीय घरेलू और कृषि उपभोक्ता

इन उपभोक्ताओं को अधिभार (सरचार्ज) में 100 प्रतिशत छूट और मूल बकाया राशि में 75 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी।

योजना का लाभ कैसे मिलेगा

योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं को पंजीकरण कराना होगा। पंजीयन के समय बकाया राशि का कम से कम 10 प्रतिशत भुगतान करना अनिवार्य होगा। शेष राशि का भुगतान किस्तों में किया जा सकेगा और अगले महीनों में किसी प्रकार का अधिभार नहीं लगाया जाएगा।

सरकार के अनुसार यह योजना 30 जून 2026 तक लागू रहेगी।

By Dhirendra Giri Goswami

धीरेंद्र गिरि गोस्वामी एक प्रसिद्ध पत्रकार हैं, जो छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से हैं। उनके पिता रमन गिरि गोस्वामी छत्तीसगढ़ में प्रथम श्रेणी के शासकीय अधिकारी रह चुके हैं। धीरेंद्र गिरि गोस्वामी ने पत्रकारिता के साथ-साथ वकालत की पढ़ाई भी की है। उन्होंने टीवी, डिजिटल, प्रिंट और रेडियो मीडिया में 15 वर्षों से अधिक अनुभव प्राप्त किया है। अपने करियर में उन्होंने वनइंडिया, खबर भारती, स्वराज एक्सप्रेस, बंसल न्यूज, ईटीवी, न्यूज वर्ल्ड और भारत समाचार जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संवाददाता और सीनियर रिपोर्टर के रूप में काम किया है। धीरेंद्र ने दूरदर्शन (DD News) में रिपोर्टिंग और लाइव कवरेज किया है और आकाशवाणी (All India Radio) में युवाओं और बच्चों के कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन एवं प्रस्तुति दी है। वर्तमान में वे खबरवीर वेबसाइट के संपादक हैं, जहाँ वे ताज़ा समाचार, गहन विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग प्रदान करते हैं। उनका मुख्य फोकस राजनीति, प्रशासनिक मामलों, सामाजिक मुद्दों और कानूनी विश्लेषण पर आधारित पत्रकारिता है। धीरेंद्र ने पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर, वकालत (LLB) की पढ़ाई भी पूरी की है, जो उनके विश्लेषण में कानूनी दृष्टिकोण जोड़ती है। वे सामाजिक जागरूकता और समाजोपयोगी मुद्दों को उजागर करने के लिए सक्रिय रूप से लेखन करते हैं। विशेषज्ञता: राजनीति और प्रशासनिक रिपोर्टिंग, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता, संपादकीय नेतृत्व, लाइव ब्रॉडकास्टिंग, युवाओं और बच्चों के कार्यक्रम प्रस्तुति।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed