छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से सटे खरोरा थाना क्षेत्र में रविवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियाँ छीन लीं। चौथी संस्कार से लौट रहे ग्रामीणों की एक माजदा वाहन और ट्रेलर के बीच जबर्दस्त टक्कर हो गई, जिसमें 10 से अधिक लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग घायल हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भयानक था कि माजदा वाहन के परखच्चे उड़ गए और कई लोग मौके पर ही दम तोड़ बैठे। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य में जुट गई। दुर्घटनास्थल पर चीख-पुकार और मातम का मंजर दिल को झकझोर देने वाला था।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। साथ ही, घायलों के समुचित इलाज और आवश्यक सहायता के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।
फिलहाल मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
