कवर्धा में भीषण सड़क हादसा, पांच की मौत, मुख्यमंत्री ने जताया शोक
कवर्धा, 11 जुलाई

कवर्धा जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आगरपानी गांव के पास शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयानक था कि एक बोर लदा ट्रक 60 फीट गहरी खाई में जा गिरा। ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए।

जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना देर रात हुई थी, लेकिन अंधेरे और सुनसान इलाके की वजह से इसकी जानकारी सुबह ग्रामीणों को हुई। जब आसपास के लोग जंगल की ओर जा रहे थे, तब उन्होंने ट्रक को खाई में गिरा देखा और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही कबीरधाम पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। शुरुआती रेस्क्यू में ट्रक के नीचे से चार शव बरामद किए गए, जबकि छह लोगों को गंभीर अवस्था में बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तत्काल कुकदूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान दो और घायलों की मौत हो गई, जिससे मृतकों की कुल संख्या पांच हो गई है। अन्य घायलों का उपचार जारी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार ट्रक गहराई में गिरने के कारण उसके नीचे और लोगों के दबे होने की संभावना को देखते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। डीएसपी भूपत सिंह ने पुष्टि की है कि चार शव मौके से मिले हैं और सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए घायलों के समुचित इलाज के निर्देश जिला प्रशासन को दिए हैं। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की है।

दुर्घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लगातार राहत कार्य चलाया जा रहा है।

By Dhirendra Giri Goswami

धीरेंद्र गिरि गोस्वामी एक प्रसिद्ध पत्रकार हैं, जो छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से हैं। उनके पिता रमन गिरि गोस्वामी छत्तीसगढ़ में प्रथम श्रेणी के शासकीय अधिकारी रह चुके हैं। धीरेंद्र गिरि गोस्वामी ने पत्रकारिता के साथ-साथ वकालत की पढ़ाई भी की है। उन्होंने टीवी, डिजिटल, प्रिंट और रेडियो मीडिया में 15 वर्षों से अधिक अनुभव प्राप्त किया है। अपने करियर में उन्होंने वनइंडिया, खबर भारती, स्वराज एक्सप्रेस, बंसल न्यूज, ईटीवी, न्यूज वर्ल्ड और भारत समाचार जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संवाददाता और सीनियर रिपोर्टर के रूप में काम किया है। धीरेंद्र ने दूरदर्शन (DD News) में रिपोर्टिंग और लाइव कवरेज किया है और आकाशवाणी (All India Radio) में युवाओं और बच्चों के कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन एवं प्रस्तुति दी है। वर्तमान में वे खबरवीर वेबसाइट के संपादक हैं, जहाँ वे ताज़ा समाचार, गहन विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग प्रदान करते हैं। उनका मुख्य फोकस राजनीति, प्रशासनिक मामलों, सामाजिक मुद्दों और कानूनी विश्लेषण पर आधारित पत्रकारिता है। धीरेंद्र ने पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर, वकालत (LLB) की पढ़ाई भी पूरी की है, जो उनके विश्लेषण में कानूनी दृष्टिकोण जोड़ती है। वे सामाजिक जागरूकता और समाजोपयोगी मुद्दों को उजागर करने के लिए सक्रिय रूप से लेखन करते हैं। विशेषज्ञता: राजनीति और प्रशासनिक रिपोर्टिंग, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता, संपादकीय नेतृत्व, लाइव ब्रॉडकास्टिंग, युवाओं और बच्चों के कार्यक्रम प्रस्तुति।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *