रायपुर, 26 अप्रैल 2026। नरेंद्र मोदी द्वारा उनके लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 133वें एपिसोड में छत्तीसगढ़ में काले हिरण संरक्षण के प्रयासों की सराहना किए जाने पर राज्य के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे प्रदेश के लिए गर्व का विषय बताया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने राजधानी रायपुर के भाटागांव स्थित विनायक सिटी में बड़ी संख्या में नागरिकों के साथ “मन की बात” कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों का बार-बार उल्लेख होना राज्य की पहचान को मजबूत करता है और प्रदेशवासियों का मनोबल बढ़ाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “मन की बात” कार्यक्रम आज देश के जनमानस को जोड़ने का एक सशक्त माध्यम बन चुका है। इसके जरिए देशभर में हो रहे नवाचार, जनभागीदारी और जमीनी स्तर के उत्कृष्ट प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिल रही है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक अभिभावक की तरह देशवासियों से संवाद करते हुए प्रेरणादायक कहानियों को सामने लाते हैं और समाज के हर वर्ग को सकारात्मक बदलाव के लिए प्रेरित करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में काले हिरण संरक्षण के प्रयासों का “मन की बात” में उल्लेख होना राज्य के लिए विशेष सम्मान की बात है। यह प्रदेश की पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है और अन्य राज्यों के लिए एक प्रेरणादायक मॉडल के रूप में उभर रहा है।
सीएम साय ने बताया कि बांस को पेड़ की श्रेणी से अलग कर विशेष श्रेणी में शामिल किए जाने के बाद इसके उपयोग में वृद्धि हुई है। इससे विशेष रूप से महिलाओं की आय में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री द्वारा पवन ऊर्जा के महत्व पर दिए गए बल का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में भी इस दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे भविष्य में ऊर्जा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने एक अनूठी पहल करते हुए उपस्थित लोगों के साथ घर से लाए गए छत्तीसगढ़ी व्यंजनों को साझा कर सामूहिक भोजन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में विश्वास, अपनापन और एकता को मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, वन मंत्री श्री केदार कश्यप, विधायक श्री पुरन्दर मिश्रा, विधायक श्री संपत अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
