छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से सामाजिक कार्यकर्ता कुणाल शुक्ला ने भारत सरकार से चीन के साथ सभी व्यापारिक संबंधों को तत्काल प्रभाव से समाप्त करने की माँग की है। इस संबंध में उन्होंने भारत की राष्ट्रपति को एक औपचारिक शिकायत (ग्रीवेंस) दर्ज करवाई है।
शुक्ला का यह कदम अप्रैल 2025 में कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सामने आया है, जिसमें पाकिस्तान समर्थित आतंकियों ने 26 भारतीयों की निर्मम हत्या कर दी थी। इस हमले के जवाब में भारतीय सेना ने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नामक लक्षित कार्रवाई की थी। इसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव बढ़ गया, जिसमें पाकिस्तानी हमलों में कई निर्दोष भारतीय नागरिकों की मौत हुई।
कुणाल शुक्ला ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि पाकिस्तान की इस निंदनीय कार्रवाई के समर्थन में चीन ने खुलकर साथ दिया, जो भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा और संप्रभुता के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के साथ भारत ने पहले ही व्यापारिक संबंधों पर रोक लगा दी है, लेकिन चीन के साथ व्यापार पूर्ववत जारी है, जो गलत संदेश देता है।
उन्होंने महामहिम राष्ट्रपति से अनुरोध किया है कि वे केंद्र सरकार को निर्देशित करें कि वह चीन के साथ सभी प्रकार के व्यापारिक रिश्ते तत्काल समाप्त करे। शुक्ला का मानना है कि ऐसा कदम न केवल देश की सुरक्षा को प्राथमिकता देगा, बल्कि राष्ट्रीय आत्मसम्मान की भी रक्षा करेगा।
यह पत्र सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है और आम नागरिकों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।