रायपुर, 5 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को विश्व मंच पर नई पहचान दिलाने वाली पद्म विभूषण से सम्मानित प्रख्यात पंडवानी गायिका डॉ. तीजन बाई का रविवार तड़के रायपुर एम्स में निधन हो गया। वे 70 वर्ष की थीं और पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं। उनके निधन से प्रदेश ही नहीं, देशभर के सांस्कृतिक जगत में शोक की लहर है।

डॉ. तीजन बाई के निधन की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रायपुर स्थित एम्स पहुंचे। उन्होंने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि “डॉ. तीजन बाई ने अपनी अद्वितीय कला-साधना और विलक्षण प्रतिभा से पंडवानी को विश्व पटल पर विशिष्ट पहचान दिलाई तथा छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया। उनका निधन प्रदेश की लोक संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत के लिए अपूरणीय क्षति है।”

इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे और उन्होंने दिवंगत लोक कलाकार को श्रद्धांजलि अर्पित की।

पंडवानी को दिलाई वैश्विक पहचान

दुर्ग जिले के गनियारी गांव में जन्मीं डॉ. तीजन बाई ने पंडवानी गायन की पारंपरिक शैली को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उन्होंने सामाजिक रूढ़ियों को चुनौती देते हुए खड़े होकर प्रस्तुत की जाने वाली कापालिक शैली को लोकप्रिय बनाया। उनकी दमदार आवाज और अभिनय शैली ने महाभारत की कथाओं को देश-दुनिया के मंचों तक पहुंचाया।

कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से हुईं सम्मानित

डॉ. तीजन बाई को कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वर्ष 1987 में पद्मश्री, 2003 में पद्म भूषण और 2019 में देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। इसके अलावा उन्हें जापान का प्रतिष्ठित फुकुओका कला पुरस्कार सहित कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुए।

उनका निधन छत्तीसगढ़ की लोक कला के एक स्वर्णिम अध्याय का अंत माना जा रहा है। हालांकि, उनकी कला, उनकी आवाज और पंडवानी की समृद्ध परंपरा आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करती रहेगी।

By Dhirendra Giri Goswami

धीरेंद्र गिरि गोस्वामी एक प्रसिद्ध पत्रकार हैं, जो छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से हैं। उनके पिता रमन गिरि गोस्वामी छत्तीसगढ़ में प्रथम श्रेणी के शासकीय अधिकारी रह चुके हैं। धीरेंद्र गिरि गोस्वामी ने पत्रकारिता के साथ-साथ वकालत की पढ़ाई भी की है। उन्होंने टीवी, डिजिटल, प्रिंट और रेडियो मीडिया में 15 वर्षों से अधिक अनुभव प्राप्त किया है। अपने करियर में उन्होंने वनइंडिया, खबर भारती, स्वराज एक्सप्रेस, बंसल न्यूज, ईटीवी, न्यूज वर्ल्ड और भारत समाचार जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संवाददाता और सीनियर रिपोर्टर के रूप में काम किया है। धीरेंद्र ने दूरदर्शन (DD News) में रिपोर्टिंग और लाइव कवरेज किया है और आकाशवाणी (All India Radio) में युवाओं और बच्चों के कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन एवं प्रस्तुति दी है। वर्तमान में वे खबरवीर वेबसाइट के संपादक हैं, जहाँ वे ताज़ा समाचार, गहन विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग प्रदान करते हैं। उनका मुख्य फोकस राजनीति, प्रशासनिक मामलों, सामाजिक मुद्दों और कानूनी विश्लेषण पर आधारित पत्रकारिता है। धीरेंद्र ने पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर, वकालत (LLB) की पढ़ाई भी पूरी की है, जो उनके विश्लेषण में कानूनी दृष्टिकोण जोड़ती है। वे सामाजिक जागरूकता और समाजोपयोगी मुद्दों को उजागर करने के लिए सक्रिय रूप से लेखन करते हैं। विशेषज्ञता: राजनीति और प्रशासनिक रिपोर्टिंग, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता, संपादकीय नेतृत्व, लाइव ब्रॉडकास्टिंग, युवाओं और बच्चों के कार्यक्रम प्रस्तुति।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *