अबूझमाड़ में माओवादियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का बड़ा ऑपरेशन, 28 से ज्यादा नक्सली ढेर!
नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ जारी है। जानकारी के अनुसार, इस ऑपरेशन में 28 से अधिक माओवादियों के मारे जाने की खबर है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
मुठभेड़ जाटलूर इलाके में चल रही है, जहां बुधवार सुबह से ही फायरिंग जारी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह ऑपरेशन माओवादियों के खिलाफ एक बड़ी रणनीतिक कार्रवाई मानी जा रही है।
नारायणपुर एसपी प्रभात कुमार ने बताया कि माओवादियों के माड़ डिवीजन के बड़े कैडर की मौजूदगी की सूचना पर यह अभियान शुरू किया गया। इस संयुक्त ऑपरेशन में डीआरजी नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और कोंडागांव की पुलिस टीमें शामिल हैं।
सुरक्षाबलों ने माओवादियों की एक बड़ी टीम को घेर लिया है और आने वाले समय में इस अभियान में और बड़ी सफलता मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।