रायपुर | 19 मार्च 2026

छत्तीसगढ़ में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के विकास को गति देने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में कल आयोजित राज्य पिछड़ा वर्ग सलाहकार परिषद की बैठक में प्रदेश में अलग से संचालनालय गठन, नए हॉस्टल भवन निर्माण और पिछड़ा वर्ग के समग्र विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।

विधानसभा स्थित समिति कक्ष में आयोजित इस बैठक में मुख्यमंत्री श्री साय ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार पिछड़ा वर्ग समाज के शैक्षणिक, सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदाय की बड़ी आबादी निवास करती है, जिनके सर्वांगीण विकास के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इन वर्गों की सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत का सम्मान करते हुए उन्हें विकास की मुख्यधारा में शामिल करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य से पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग का गठन किया गया है, ताकि योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके।

बैठक में जानकारी दी गई कि राज्य में अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग और पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग का गठन किया जा चुका है। साथ ही विभिन्न समाजों के विकास के लिए लौहशिल्प विकास बोर्ड, रजककार विकास बोर्ड और तेलघानी विकास बोर्ड भी बनाए गए हैं।

शैक्षणिक विकास को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा छात्रावास, आश्रम और प्रयास आवासीय विद्यालयों की स्थापना की जा रही है। पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से सीधे विद्यार्थियों के खातों में ट्रांसफर किया जा रहा है, जिसके लिए 150 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

इसके अलावा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए आर्थिक सहायता योजना भी शुरू की गई है। इस योजना के तहत इंजीनियरिंग, मेडिकल, यूपीएससी, सीजीपीएससी, एसएससी, रेलवे और बैंकिंग परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि “मुख्यमंत्री शिक्षा सहयोग योजना” के तहत ऐसे विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता दी जाएगी, जिन्हें छात्रावास में प्रवेश नहीं मिल पाता। वर्तमान में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 55 छात्रावास संचालित हैं, जबकि नए बजट में रायगढ़, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, धमतरी, रायपुर और जशपुर सहित 6 जिलों में नए पोस्ट मैट्रिक छात्रावास स्वीकृत किए गए हैं।

बैठक में उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव, मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, श्री टंक राम वर्मा, श्रीमती लक्ष्मी रजवाड़े, श्री गजेंद्र यादव, श्री ओपी चौधरी सहित अन्य मंत्री, जनप्रतिनिधि और अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

By Dhirendra Giri Goswami

धीरेंद्र गिरि गोस्वामी एक प्रसिद्ध पत्रकार हैं, जो छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से हैं। उनके पिता रमन गिरि गोस्वामी छत्तीसगढ़ में प्रथम श्रेणी के शासकीय अधिकारी रह चुके हैं। धीरेंद्र गिरि गोस्वामी ने पत्रकारिता के साथ-साथ वकालत की पढ़ाई भी की है। उन्होंने टीवी, डिजिटल, प्रिंट और रेडियो मीडिया में 15 वर्षों से अधिक अनुभव प्राप्त किया है। अपने करियर में उन्होंने वनइंडिया, खबर भारती, स्वराज एक्सप्रेस, बंसल न्यूज, ईटीवी, न्यूज वर्ल्ड और भारत समाचार जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संवाददाता और सीनियर रिपोर्टर के रूप में काम किया है। धीरेंद्र ने दूरदर्शन (DD News) में रिपोर्टिंग और लाइव कवरेज किया है और आकाशवाणी (All India Radio) में युवाओं और बच्चों के कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन एवं प्रस्तुति दी है। वर्तमान में वे खबरवीर वेबसाइट के संपादक हैं, जहाँ वे ताज़ा समाचार, गहन विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग प्रदान करते हैं। उनका मुख्य फोकस राजनीति, प्रशासनिक मामलों, सामाजिक मुद्दों और कानूनी विश्लेषण पर आधारित पत्रकारिता है। धीरेंद्र ने पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर, वकालत (LLB) की पढ़ाई भी पूरी की है, जो उनके विश्लेषण में कानूनी दृष्टिकोण जोड़ती है। वे सामाजिक जागरूकता और समाजोपयोगी मुद्दों को उजागर करने के लिए सक्रिय रूप से लेखन करते हैं। विशेषज्ञता: राजनीति और प्रशासनिक रिपोर्टिंग, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता, संपादकीय नेतृत्व, लाइव ब्रॉडकास्टिंग, युवाओं और बच्चों के कार्यक्रम प्रस्तुति।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed