स्थान: रायपुर
तिथि: 29 सितम्बर 2025
स्रोत: कांग्रेस पार्टी की पत्रकार वार्ता


रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आज भाजपा सरकार पर पशुधन के संरक्षण में घोर लापरवाही बरतने और गायों की तस्करी को बढ़ावा देने का गंभीर आरोप लगाया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले पौने दो वर्षों में राज्य से लगभग 5 लाख गोवंश गायब हो गए हैं, जबकि 2500 से अधिक गायों की भूख, दुर्घटनाओं और जहरीले पदार्थों के सेवन से मौत हो चुकी है।

गौठान योजना बंद होने से बिगड़ा हालात: बैज

दीपक बैज ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू की गई गौठान और गोबर खरीदी योजना को भाजपा ने सत्ता में आने के बाद बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के बंद कर दिया। इसके परिणामस्वरूप 850 से अधिक गायें सड़क दुर्घटनाओं में मारी गईं, 1200 से अधिक भूख से, और 200 से अधिक जहरीले पदार्थों से मरीं।

उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले गो-अभयारण्य और फिर गोधाम बनाने की बात कही, लेकिन ज़मीनी स्तर पर कुछ नहीं किया गया। सरकार द्वारा घोषित प्रति पशु मात्र ₹10 प्रतिदिन चारा भत्ता मज़ाक से कम नहीं है, क्योंकि इतनी राशि में पर्याप्त चारा मिलना असंभव है।

गायों की तस्करी का लगाया आरोप

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जब सड़कों पर आवारा गोवंश की समस्या बढ़ी, तो सरकार ने अघोषित रूप से तस्करी को प्रोत्साहित करना शुरू कर दिया। उन्होंने दावा किया कि 2023 में राज्य में 14 लाख गोवंश थे, जिनका गौठानों में रख-रखाव हो रहा था, लेकिन अब पशुधन की संख्या लगभग 40% घट चुकी है, और लगभग 5 लाख गायें गायब हैं।

दीपक बैज ने आशंका जताई कि यह गायें उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के स्लाटर हाउसों में तस्करी कर भेजी गईं। उन्होंने कहा कि यह भाजपा सरकार के दोहरे चरित्र को उजागर करता है जो एक ओर गाय की पूजा की बात करती है और दूसरी ओर गायों की हत्या का रास्ता खोलती है।

बीफ निर्यात पर केंद्र सरकार को घेरा

बैज ने केंद्र की मोदी सरकार को भी निशाने पर लिया और कहा कि भारत अब ब्राजील के बाद दूसरा सबसे बड़ा बीफ निर्यातक बन चुका है। उन्होंने बताया कि मोदी सरकार हर साल 4.3 अरब डॉलर का बीफ निर्यात करती है, और बीफ कंपनियों से भाजपा ने चुनावी चंदा भी लिया है। उन्होंने यह भी बताया कि सर्वाधिक स्लाटर हाउस भाजपा शासित राज्यों – यूपी, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश में हैं।

कांग्रेस की प्रमुख मांगे:

  1. पिछले पौने दो साल में गायब 5 लाख गोवंश का सरकार स्पष्टीकरण दे।
  2. सभी 10,800 गौठानों को तत्काल पुनः शुरू किया जाए।
  3. गौठानों में चारा-पानी की स्थायी और सुरक्षित व्यवस्था की जाए।

इस पत्रकार वार्ता में प्रदेश प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, पूर्व सांसद छाया वर्मा, संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, पूर्व महापौर प्रमोद दुबे, महामंत्री कन्हैया अग्रवाल, और अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।

By Dhirendra Giri Goswami

धीरेंद्र गिरि गोस्वामी एक प्रसिद्ध पत्रकार हैं, जो छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से हैं। उनके पिता रमन गिरि गोस्वामी छत्तीसगढ़ में प्रथम श्रेणी के शासकीय अधिकारी रह चुके हैं। धीरेंद्र गिरि गोस्वामी ने पत्रकारिता के साथ-साथ वकालत की पढ़ाई भी की है। उन्होंने टीवी, डिजिटल, प्रिंट और रेडियो मीडिया में 15 वर्षों से अधिक अनुभव प्राप्त किया है। अपने करियर में उन्होंने वनइंडिया, खबर भारती, स्वराज एक्सप्रेस, बंसल न्यूज, ईटीवी, न्यूज वर्ल्ड और भारत समाचार जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संवाददाता और सीनियर रिपोर्टर के रूप में काम किया है। धीरेंद्र ने दूरदर्शन (DD News) में रिपोर्टिंग और लाइव कवरेज किया है और आकाशवाणी (All India Radio) में युवाओं और बच्चों के कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन एवं प्रस्तुति दी है। वर्तमान में वे खबरवीर वेबसाइट के संपादक हैं, जहाँ वे ताज़ा समाचार, गहन विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग प्रदान करते हैं। उनका मुख्य फोकस राजनीति, प्रशासनिक मामलों, सामाजिक मुद्दों और कानूनी विश्लेषण पर आधारित पत्रकारिता है। धीरेंद्र ने पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर, वकालत (LLB) की पढ़ाई भी पूरी की है, जो उनके विश्लेषण में कानूनी दृष्टिकोण जोड़ती है। वे सामाजिक जागरूकता और समाजोपयोगी मुद्दों को उजागर करने के लिए सक्रिय रूप से लेखन करते हैं। विशेषज्ञता: राजनीति और प्रशासनिक रिपोर्टिंग, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता, संपादकीय नेतृत्व, लाइव ब्रॉडकास्टिंग, युवाओं और बच्चों के कार्यक्रम प्रस्तुति।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *