मुंबई, सोमवार। वैश्विक स्तर पर बढ़ते तनाव और अमेरिका-ईरान के बीच शांति वार्ता में ठहराव का असर सोमवार को भारतीय शेयर बाजार पर साफ दिखा। कमजोर अंतरराष्ट्रीय संकेतों के बीच बाजार में जोरदार बिकवाली हुई।
बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में करीब 1,675 अंक यानी 2.16 प्रतिशत गिरकर 75,874 के आसपास पहुंच गया। वहीं एनएसई निफ्टी 50 भी लगभग 500 अंक टूटकर 23,500 के करीब कारोबार करता नजर आया।
बाजार में लगभग सभी सेक्टर दबाव में रहे। खासतौर पर बैंकिंग, फाइनेंस, रियल्टी, ऑटो और एनर्जी शेयरों में तेज गिरावट दर्ज की गई। Eicher Motors, Maruti Suzuki, Bajaj Finance, Shriram Finance और HDFC Bank जैसे दिग्गज शेयर नुकसान में रहे। सभी सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में रहे।
छोटे शेयरों पर सबसे ज्यादा मार पड़ी। स्मॉलकैप इंडेक्स करीब 2 प्रतिशत तक लुढ़क गए, जबकि मिडकैप और लार्जकैप शेयरों में भी कमजोरी देखने को मिली।
बाजार की घबराहट का संकेत देने वाला इंडिया VIX 13 प्रतिशत से ज्यादा उछल गया, जो बढ़ती अनिश्चितता को दर्शाता है।
इस बीच कच्चे तेल की कीमतों में फिर उछाल ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। ब्रेंट क्रूड 103 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया, जबकि WTI क्रूड 105 डॉलर के ऊपर कारोबार करता दिखा।
एशियाई बाजारों में भी गिरावट का माहौल रहा। जापान का निक्केई, हांगकांग का हैंग सेंग और दक्षिण कोरिया का कोस्पी सभी दबाव में रहे। वहीं अमेरिकी बाजार में मिला-जुला रुख देखने को मिला, जहां एसएंडपी 500 हल्की गिरावट के साथ बंद हुआ, जबकि नैस्डैक में मामूली बढ़त रही।
