रायपुर, 14 अप्रैल 2026
Vedanta Power Plant Accident : छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के ग्राम सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए बॉयलर ब्लास्ट हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। इस हादसे में कई श्रमिक घायल हुए हैं, जबकि कुछ की मौत की भी पुष्टि हुई है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।
मंगलवार को हुए इस हादसे के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर अमृत विकास तोपनो और पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन द्वारा एम्बुलेंस और चिकित्सा टीमों को तत्काल सक्रिय कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों का समुचित और निःशुल्क उपचार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही मुख्यमंत्री ने बिलासपुर संभाग के कमिश्नर को भी मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि दुर्घटना के लिए जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वाणिज्य, उद्योग एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने भी घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह हादसा अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि राहत और बचाव कार्यों में किसी प्रकार की कमी न हो तथा घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
फिलहाल जिला प्रशासन की निगरानी में राहत और बचाव कार्य लगातार जारी हैं और स्थिति पर सतत नजर रखी जा रही है।
