माओवादियों का पत्र,गृह मंत्री की अपील,नक्सलियों का पुनर्वास – बरगढ़-बलांगीर-महासमुंद डिवीजन पूर्णतः हुआ समाप्त

महासमुंद में बरगढ़-बलांगीर-महासमुंद डिवीजन के 15 माओवादियों का पुनर्वास, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया स्वागत

  *रायपुर, 02 मार्च 2026/* बरगढ़ - बलांगीर - महासमुंद डिवीजन के 15 माओवादियों ने छत्तीसगढ़ सरकार की पुनर्वास नीति पर विश्वास जताते हुए कल महासमुंद जिले में हथियारों सहित पुनर्वास का मार्ग अपनाया। यह  “पूना मारगेम पुनर्वास से पुनर्जीवन” कार्यक्रम के अंतर्गत ओडिशा सीमा के निकट महासमुंद में हुआ। 

उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने पुर्नवास का मार्ग चुनने वाले युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए सभी का स्वागत किया।
उन्होंने कहा कि इस पुनर्वास के साथ ओडिशा राज्य कमेटी का पश्चिमी सब जोन (बरगढ़ – बलांगीर – महासमुंद डिवीजन) पूर्णतः समाप्त हो गया है। अब रायपुर पुलिस रेंज और ओडिशा के संबलपुर रेंज अब नक्सल मुक्त हो जाने से क्षेत्र में शांति होगी और लोग भय मुक्त जीवन जी सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व बरगढ़ – बलांगीर – महासमुंद डिवीजन के द्वारा उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा को पत्र लिखकर शासन की नीतियों पर विश्वास जताते हुए पुनर्वास करने के लिए इच्छा जाहिर की गई थी, जिसके जवाब में उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने उनकी सुरक्षा और सम्मान के लिए आश्वस्त करते हुए आकाशवाणी के माध्यम से आडियो मैसेज जारी कर 03 मार्च तक पुनर्वास की अपील की थी। उस अपील के पश्चात बरगढ़ – बलांगीर – महासमुंद डिवीजन के 15 माओवादियों ने पुनर्वास किया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलावाद केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह द्वारा दिए गए समयावधि में यह समाप्त हो जाएगा। आज का पुनर्वास बहुत महत्वपूर्ण है, इसमें एक डिवीजन के पूरे बचे लोगों ने एक साथ पुनर्वास किया है, जो सराहनीय है। यह सब मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में बनी दूरदर्शी पुनर्वास नीति से संभव हो सका है।
उल्लेखनीय है कि इस दल में सबसे प्रमुख नाम वारंगल निवासी विकास उर्फ सुदर्शन उर्फ जंगू उर्फ बाबन्ना उर्फ राजन्ना का था, वह ओडिशा राज्य कमेटी के स्टेट कमेटी मेंबर तथा बीबीएम डिवीजन प्रभारी था, जिस पर 25 लाख रुपये का इनाम घोषित था। वह वर्ष 1985 से संगठन में सक्रिय था। इस दल के कुल 15 लोगों में पुनर्वास किया, जिनमें 9 महिलाएं और 6 पुरुष शामिल हैं। वे अपने साथ 3 एके-47, 2 एसएलआर, 2 इंसास, 4 .303 राइफल, 3 बारह बोर सहित कुल 14 अत्याधुनिक एवं ऑटोमेटिक हथियार लाये हैं।

By Dhirendra Giri Goswami

धीरेंद्र गिरि गोस्वामी एक प्रसिद्ध पत्रकार हैं, जो छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से हैं। उनके पिता रमन गिरि गोस्वामी छत्तीसगढ़ में प्रथम श्रेणी के शासकीय अधिकारी रह चुके हैं। धीरेंद्र गिरि गोस्वामी ने पत्रकारिता के साथ-साथ वकालत की पढ़ाई भी की है। उन्होंने टीवी, डिजिटल, प्रिंट और रेडियो मीडिया में 15 वर्षों से अधिक अनुभव प्राप्त किया है। अपने करियर में उन्होंने वनइंडिया, खबर भारती, स्वराज एक्सप्रेस, बंसल न्यूज, ईटीवी, न्यूज वर्ल्ड और भारत समाचार जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संवाददाता और सीनियर रिपोर्टर के रूप में काम किया है। धीरेंद्र ने दूरदर्शन (DD News) में रिपोर्टिंग और लाइव कवरेज किया है और आकाशवाणी (All India Radio) में युवाओं और बच्चों के कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन एवं प्रस्तुति दी है। वर्तमान में वे खबरवीर वेबसाइट के संपादक हैं, जहाँ वे ताज़ा समाचार, गहन विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग प्रदान करते हैं। उनका मुख्य फोकस राजनीति, प्रशासनिक मामलों, सामाजिक मुद्दों और कानूनी विश्लेषण पर आधारित पत्रकारिता है। धीरेंद्र ने पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर, वकालत (LLB) की पढ़ाई भी पूरी की है, जो उनके विश्लेषण में कानूनी दृष्टिकोण जोड़ती है। वे सामाजिक जागरूकता और समाजोपयोगी मुद्दों को उजागर करने के लिए सक्रिय रूप से लेखन करते हैं। विशेषज्ञता: राजनीति और प्रशासनिक रिपोर्टिंग, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता, संपादकीय नेतृत्व, लाइव ब्रॉडकास्टिंग, युवाओं और बच्चों के कार्यक्रम प्रस्तुति।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed