रायपुर, 26 फरवरी 2024: नेहरू युवा केंद्र संगठन (NYKS), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम (ISYEP) 2024-25 का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत गुजरात और छत्तीसगढ़ के 60 युवाओं ने रायपुर के सांसद माननीय श्री बृजमोहन अग्रवाल जी के निवास पर भेंट की।

इस अभिनव पहल के माध्यम से विभिन्न राज्यों की संस्कृति, परंपराओं और प्रथाओं का आदान-प्रदान होगा, जिससे राज्यों के बीच आपसी समझ और बंधन को मजबूत किया जा सकेगा। यह कार्यक्रम “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की अवधारणा को साकार करते हुए भारत की एकता और अखंडता को प्रोत्साहित करेगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देना और भाषा, खानपान तथा अन्य गतिविधियों के माध्यम से परस्पर समझ विकसित करना है।

इस अवसर पर सभी युवा साथियों को माननीय सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल जी ने अपने निवास पर आमंत्रित कर स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। युवाओं से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि रायपुर देश के सबसे तेजी से विकसित हो रहे शहरों में से एक है और अधोसंरचना में भी काफी आगे है। उन्होंने यह भी बताया कि वे स्वयं अपने छात्र जीवन में युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का हिस्सा रहे हैं और ऐसे कार्यक्रमों से युवाओं को सीखने के कई अवसर मिलते हैं, जो देश की प्रगति में सहायक होते हैं।

गुजरात के युवाओं से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति अत्यंत समृद्ध है और यहाँ के लोग सरल एवं सौम्य स्वभाव के होते हैं। साथ ही, उन्होंने यह भी बताया कि गुजरात और छत्तीसगढ़ का पुराना रिश्ता रहा है और “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” परियोजना के तहत दोनों राज्यों के बीच लंबे समय से आदान-प्रदान कार्यक्रम चल रहा है।

गुजरात से आए स्वयंसेवक मनोज, जो नेहरू युवा केंद्र के प्रतिनिधि हैं, ने कहा कि छत्तीसगढ़ आने से पहले उनकी यहाँ के बारे में एक अलग धारणा थी, लेकिन यहाँ की शानदार मेहमाननवाजी देखकर वे अत्यंत प्रभावित हुए हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जब वे वापस गुजरात लौटेंगे तो छत्तीसगढ़ और यहाँ के लोगों के लिए एक नई सकारात्मक सोच के साथ संदेश लेकर जाएंगे।

इस कार्यक्रम में गुजरात के सूरत और नर्मदा जिलों से प्रतिभागी शामिल हुए, जबकि छत्तीसगढ़ से बस्तर और रायपुर जिलों के प्रतिभागियों सहित कुल 60 से अधिक युवाओं ने भाग लिया।

नेहरू युवा केंद्र के राज्य निदेशक श्री अतुल निकम ने माननीय सांसद महोदय का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा और मार्गदर्शन से ही ऐसे युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम सफल होते हैं और युवाओं का विकास संभव हो पाता है।

नेहरू युवा केंद्र, रायपुर के उपनिदेशक श्री अर्पित तिवारी ने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न राज्यों की संस्कृति, परंपराओं और रीति-रिवाजों का आदान-प्रदान होगा, जिससे राज्यों के बीच आपसी समझ और संबंध और अधिक प्रगाढ़ होंगे।

कार्यक्रम में रायपुर के जिला शिक्षा अधिकारी श्री विजय खंडेलवाल, महासमुंद के जिला शिक्षा अधिकारी, नेहरू युवा केंद्र के अन्य अधिकारी एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

By Dhirendra Giri Goswami

धीरेंद्र गिरि गोस्वामी एक प्रसिद्ध पत्रकार हैं, जो छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से हैं। उनके पिता रमन गिरि गोस्वामी छत्तीसगढ़ में प्रथम श्रेणी के शासकीय अधिकारी रह चुके हैं। धीरेंद्र गिरि गोस्वामी ने पत्रकारिता के साथ-साथ वकालत की पढ़ाई भी की है। उन्होंने टीवी, डिजिटल, प्रिंट और रेडियो मीडिया में 15 वर्षों से अधिक अनुभव प्राप्त किया है। अपने करियर में उन्होंने वनइंडिया, खबर भारती, स्वराज एक्सप्रेस, बंसल न्यूज, ईटीवी, न्यूज वर्ल्ड और भारत समाचार जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संवाददाता और सीनियर रिपोर्टर के रूप में काम किया है। धीरेंद्र ने दूरदर्शन (DD News) में रिपोर्टिंग और लाइव कवरेज किया है और आकाशवाणी (All India Radio) में युवाओं और बच्चों के कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन एवं प्रस्तुति दी है। वर्तमान में वे खबरवीर वेबसाइट के संपादक हैं, जहाँ वे ताज़ा समाचार, गहन विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग प्रदान करते हैं। उनका मुख्य फोकस राजनीति, प्रशासनिक मामलों, सामाजिक मुद्दों और कानूनी विश्लेषण पर आधारित पत्रकारिता है। धीरेंद्र ने पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर, वकालत (LLB) की पढ़ाई भी पूरी की है, जो उनके विश्लेषण में कानूनी दृष्टिकोण जोड़ती है। वे सामाजिक जागरूकता और समाजोपयोगी मुद्दों को उजागर करने के लिए सक्रिय रूप से लेखन करते हैं। विशेषज्ञता: राजनीति और प्रशासनिक रिपोर्टिंग, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता, संपादकीय नेतृत्व, लाइव ब्रॉडकास्टिंग, युवाओं और बच्चों के कार्यक्रम प्रस्तुति।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *